Follow Us @himanshujaiswal2711

रविवार, जून 05, 2022

हाँ, तुम्हारी याद आएगी...


आज एक जून है। कल KK का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वही जिसके गाने हम 90s वालों की प्लेलिस्ट में भरे होते थे। मोहब्बत को मैंने गानों में जिया है महसूस किया है। कैसे गानों से हम वो बात भी कह देते हैं और महसूस कर लेते हैं जो आज के समय में एक दूसरे से कहना बहुत मुश्किल होता है। और अगर कह भी दो तो उन्हें कोई समझ जाए ऐसा कभी नहीं होता।


चाहे वो प्रेम हो, दोस्ती हो, दिल दुखा हो कभी, या मन निराश रहा हो मुझे याद है KK के गाने मेरी सबसे पहली पसंद होते थे। मैंने कभी उनके गानों को उनके नाम से नहीं जाना और न ही उनके नाम से उन्हें ढूँढा मैंने उनके गानों से उनके नाम को जाना था। दसवीं या उससे पहले की बात है जब मैंने KK के किसी गाने से उनका नाम जाना था और फिर उसका मतलब इन्टरनेट पर ढूँढा था। गाने मेरे लिए जीवन का वो हिस्सा हैं जो दिन के वक़्त से चुराकर मैं हर रोज़ जीता हूँ। मेरी दुनिया में प्रेम, उम्मीद, आशाएं अगर अभी भी जीवित हैं तो शायद गानों की वजह से। ऐसे ही शब्द थे, ऐसी ही KK की आवाज थी जो उस प्रेम को, उन आशाओं को, उन उम्मीदों को दिल में जगाए रखती थी। हाँ, वो आवाज़ वो शब्द हमेशा रहेंगे लेकिन उन्हें सुनते वक़्त शायद दिल थोड़ा कम प्रेम से भरा होगा।


मेरा जब रब से विश्वास उठा था फिर भी मैं रब के ऊपर बने गाने सुनता रहा और आज भी सुनता हूँ। और आज जब रब पर फिर से थोड़ा सा ही सही विश्वास हो चला है तो भी वही गाने अभी भी साथ हैं। फिर उन्ही गानों को सुनकर ये ख़याल भी आता है कि हम लोगों से इतना कैसे जुड़ जाते हैं कि उनके जाने के बाद कुछ खाली-खाली सा लगता है। मुझे ये खालीपन पसंद नहीं है, बिलकुल पसंद नहीं है। जब तक तुम थे नहीं पता था कि तुम्हारे जाने के बाद इतना याद करूँगा तुम्हें। तुम्हारे गाने सुनने की हिम्मत नहीं हो पा रही है। हम इन्सान ऐसे क्यों होते हैं? इतने खुदगर्ज़, इतने मतलबी? ऐसे ही जब तक सुशांत था मैंने कभी उसके बारे में उसके टैलेंट के बारे में इतना नहीं सोचा था लेकिन उसके चले जाने के बाद मैं महीनों तक ठीक से सो नहीं पाया था। उम्मीद है तुम जहाँ भी होगे खुश होगे। तुम अपनी आवाज़ से अमर हो और जब तक सृष्टि रहेगी तुम्हें कोई न कोई कहीं न कहीं याद किया जाता रहेगा।


हिमांशु जायसवाल

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आपकी प्रतिक्रियाओं का स्वागत है...